बड़वानी -शहर स्थित पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एसबीएन पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा कौशल विकास और करियर विषय पर रविवार को परिचर्चा का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी के विषय विशेषज्ञों संजु बरवरे और यश सेठी ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि यह एक सरकारी संस्थान है, जो ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुफ्त कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है। इसका संचालन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किया जाता है। इसमें 18 से 45 वर्ष के युवाओं के लिए प्रशिक्षण, भोजन और आवास पूरी तरह से निशुल्क होते हैं। प्रशिक्षण के बाद बैंक द्वारा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋऋण सहायता भी प्रदान की जाती है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सत्य ने कहा कि कॉलेज की पढ़ाई के साथ ही युवाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहिए और रोजगारपरक कौशल का विकास करना चाहिए।