गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में लूट और दुष्कर्म के प्रयास का पर्दाफाश, 05 गिरफ्तार

गुना: गुना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए धरनावदा थाना क्षेत्र में युवक-युवती के साथ लूट और दुष्कर्म के प्रयास की जघन्य वारदात का मात्र 24 घंटे में सफल खुलासा किया है। इस मामले में शामिल सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना का विवरण

दिनांक 30 जुलाई 2026 की रात में एक युवक और युवती मंदिर से दर्शन कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर गंदेर गांव के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें रोककर सड़क किनारे जंगल में खींच लिया।

  • आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की, मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान लूट लिया।
  • युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
  • राहगीर की सूचना पर डायल 112 टीम के मौके पर पहुँचने से आरोपी फरार हो गए और बड़ी अनहोनी टल गई।

पुलिस कार्रवाई और मामला दर्ज

इस घटना की रिपोर्ट पर धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 159/26, धारा 115(2), 70(1), 127(1), 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। गुना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सतत फील्ड ऑपरेशन के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की और विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

  • बबलू पुत्र हीरालाल बंजारा (23 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा
  • छोटू पुत्र मांगीलाल बंजारा (28 वर्ष), निवासी ग्राम खजरा, थाना राघौगढ़
  • सरदार पुत्र कर्मा उर्फ करम सिंह बंजारा (30 वर्ष), निवासी ग्राम विन्याकी, थाना राघौगढ़
  • महेन्द्र पुत्र गब्बा बंजारा (20 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा
  • दिनेश पुत्र गब्बा बंजारा (28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिनकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है। मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है।

विशेष संवाददाता / रिपोर्टर: विक्रम परिहार (State News, गुना)