गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाली साईं सिटी कॉलोनी (सकतपुर रोड) में एक महिला के साथ घर में घुसकर अभद्रता करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायती आवेदन के अनुसार, घटना 22 जून 2026 की रात लगभग 9:00 बजे की है। सकतपुर रोड, साईं सिटी कॉलोनी निवासी राजकुमारी अहिरवार (पति अरविंद अहिरवार) उस समय अपने घर पर अकेली थीं और उनके पति काम पर गए हुए थे।
पीड़िता का आरोप है कि उसी दौरान सकतपुर रोड निवासी मछला बाई उर्फ पूजा बाई द्वारा भेजे गए तीन व्यक्ति—राजू पारदी, राहुल जाटव और अरुण—उनके घर में जबरन घुस आए।
शिकायत में बताया गया है कि उक्त व्यक्तियों ने महिला के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया और अश्लील गालियां दीं, बल्कि सभी पड़ोसियों के सामने पीड़िता के मुंह पर बीयर की बोतल लगा दी। जाते-जाते आरोपियों ने महिला को 8 दिन के भीतर जान से मारने की खुली धमकी भी दी।
इस दबंगई और दुर्व्यवहार के बाद से महिला और उनका पूरा परिवार अत्यंत भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए आशंका जताई है कि उक्त आरोपी भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई भी गंभीर या अप्रिय घटना घटित कर सकते हैं।
पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को तत्काल आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए।
Continue With Google
Comments (0)