हेलमेट पहनकर निकले घराती-बाराती, विवाह कार्यक्रम में अनोखा संदेश

बड़वानी :-जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा अनोखी पहल की जा रही हैं। अक्षय तृतीया के अवसर पर पानसेमल में पुलिस की पहल पर आमजन ने स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी का परिचय दिया। थाना क्षेत्र के ग्राम जाहूर में रविवार को रामसिंह चौहान के सुपुत्र के विवाह समारोह के अवसर पर परिजनों और ग्रामीणों द्वारा हेलमेट पहनकर ग्राम सकराली तक जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान घराती बाराती हेलमेट पहनकर निकले और जागरुकता का परिचय दिया। दरअसल इस अनूठी पहल का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि के प्रति लोगों को सचेत करना था। रैली में शामिल समाजसेवी गोपाल भंडारी ने बताया कि अब सामाजिक और मांगलिक आयोजनों को भी जनजागरूकता का माध्यम बनाते हुए लोगों को हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विवाह समारोह के दौरान ग्राम जाहूर से सकराली जाते समय यह रैली पुलिस थाना पानसेमल भी पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन द्वारा सभी ग्रामीणों का स्वागत किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एसपी पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इस प्रकार के जनसहभागिता आधारित प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। गोपाल भंडारी ने पुलिस द्वारा संचालित जनसंवाद कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे दहेज प्रथाए डीजे के दुरुपयोग और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।