युवा वैज्ञानिक प्रखर विश्वकर्मा बने 'भारत के सबसे युवा उभरते इनोवेटर', राष्ट्रीय स्पेस पॉलिसी सम्मेलन में मिला सम्मान
दित्यपाल राजपूत
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर के युवा वैज्ञानिक प्रखर विश्वकर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल 'द इम्पीरियल' में आयोजित राष्ट्रीय स्पेस पॉलिसी कॉन्फ्रेंस में उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और नवोन्मेषी शोध कार्यों के लिए 'भारत के सबसे युवा उभरते इनोवेटर (यंगेस्ट इमर्जिंग इनोवेटर)' के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
प्रखर विश्वकर्मा वर्तमान में बंसल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं।
यह सम्मेलन ITU-APT फाउंडेशन ऑफ इंडिया और फोरम ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT), ट्राई (TRAI), इसरो (ISRO), इन-स्पेस (IN-SPACe), अमेजन तथा अमेरिका के एफसीसी (FCC) स्पेस ब्यूरो सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में भारत की नई अंतरिक्ष नीति, निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और अंतरिक्ष क्षेत्र के भविष्य पर व्यापक चर्चा हुई।
सम्मेलन के दौरान हाल ही में निजी कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा विकसित देश के पहले निजी रॉकेट 'विक्रम-1' मिशन की सफलता की भी सराहना की गई। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रखर विश्वकर्मा ने इसरो की वरिष्ठ अधिकारी सोनाली नंदा, इंडियन स्पेस एसोसिएशन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अनिल भट्ट (सेवानिवृत्त) और ITU-APT के अध्यक्ष भारत भाटिया सहित कई प्रमुख वैज्ञानिकों एवं नीति-निर्माताओं से मुलाकात कर अपने शोध कार्यों और भविष्य की वैज्ञानिक योजनाओं पर चर्चा की।
प्रखर की इस उपलब्धि को स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों ने प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है
Continue With Google
Comments (0)