9 अगस्त को इतिहास रचेगा आदिवासी समाज, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
पटेल फार्म हाउस में रणनीति बैठक, महेश पटेल बोले—एकता, संस्कृति और गौरव का होगा विराट प्रदर्शन

प्रेम गुप्ता

आलीराजपुर। विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पटेल फार्म हाउस पर आदिवासी विकास परिषद की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों का प्रतीक है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकता का परिचय देने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को विशाल चल समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान और युवाओं की सहभागिता से कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। इस दौरान समाज की संस्कृति, परंपरा और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के संदेश को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।
बैठक में कैलाश चौहान, अंगर सिंह चौहान, मालसिंह चौहान, राजू भाई चौहान, जयेन्द्र खरत, विक्की भाई, संजू, पिंटू कनेश, लालू भाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।