युवाओं को दिया झुलसाती धूप में आग बुझाने की औपचारिकता का प्रशिक्षण 
-किट में नजर आए 4-5 युवा, शेष रुमाल-गमछे, दुपट्टे से सिर ढकते आए नजर।

बड़वानी-नगर पालिका के नेतृत्व में शहर के झामरिया स्थित मैरिज गार्डन में आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान तपती व झुलसाती धूप में युवक-युवतियों को भौतिक प्रशिक्षण (मॉक ड्रील) की औपचारिकता पूर्ण कराई। 
इस दौरान दिन दोपहरी में कड़ी धूप के बीच खुले आसमान में मॉक ड्रील के दौरान आपदा मित्र भीषण गर्मी से झुलसते नजर आए। कई युवतियां अपने दुपट्टे और युवाजन गमछे, रुमाल सिर पर ढाककर धूप से बचाव करते नजर आए। मॉक ड्रील के दौरान मौके पर इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधा का इंतजाम था। वहीं मॉक ड्रील में महज 4-5 युवाओं को डेमो अभ्यास का मौका मिल पाया। शेष युवाजन इधर-उधर छांव तलाशते व हंसी मजाक भी करते दिखे। बता दें कि नपा व एसडीईआरएफ के इस संयुक्त प्रशिक्षण में जिलेभर के युवाजन शामिल हुए। इसमें एनएसएस के 70, एनसीसी के 29, स्काउट एंड गाइड के 33 और माय भारत के 136 युवक-युवतियों ने मॉक ड्रील से आपदा बचाव का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण में एसडीईआरएफ नगर पालिका सहायक यंत्री म सहित कर्मचारी मौजूद रहे। 
जिला होमगार्ड  कमांडेट शरदचंद्र राय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में आपदा मित्रों के प्रशिक्षण की यह वर्ष की दूसरी बेंच थी। जिसका प्रशिक्षण पूर्ण होने पर आज भौतिक रुप से अभ्यास कराया गया। मॉक ड्रील के पूर्व मैरिज गार्डन के अंदर आपदा मित्रों को बुरहानपुर से आए पीसी जितेंद्र तोमर ने भूकंप तत्परता विषय पर विशेष मौखिक रुप से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में युवाओं को आग बुझाने के तरीके, अग्नि शमन उपकरणों के प्रकार और उपयोग की विधि की समझाईश दी। वहीं मॉक ड्रील के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अग्नि शमन यंत्रों के संचालन का भौतिक अभ्यास कराया गया। वहीं स्टील बाल्टी में लगी आग को अखबार से ढककर बुझाकर दिखाया।