दमोह में युवक पर पत्थरों से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

दमोह: कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ापुरा में सोमवार दोपहर एक मामूली विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया, जब एक युवक पर पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल से जानकारी लेने का प्रयास किया। घायल की पहचान बड़ापुरा निवासी 28 वर्षीय कल्लू उर्फ कमलेश पिता राजकुमार अहिरवार के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पत्थरों से कमलेश के सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप राजपूत और डॉक्टर आशुतोष पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उसे जबलपुर रेफर कर दिया।

टीआई मनीष कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट के कारण घायल युवक कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है और बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।