रायसेन जिले के साँची थाना क्षेत्र के ग्राम ढकना स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम अहिरवार निवासी हैदरगढ़, धामनोद गोंडीपुर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम अपनी बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आयशर ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही साँची पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साँची अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। साँची थाने के एएसआई चंद्रपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।