भोपाल (मध्यप्रदेश) | संवाददाता : मुकेश कुमार जैन

 

भोपाल का पुण्य प्रबल हुआ, राजधानी में होगा आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज का ऐतिहासिक चातुर्मास

 

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का अवसर है। लगभग दस वर्षों के अंतराल के बाद राजधानी को पुनः आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य प्राप्त होने जा रहा है। वर्ष 2026 का चातुर्मास भोपाल स्थित श्री विद्योदय तीर्थ, एम.पी. नगर में संपन्न होगा। इस शुभ समाचार से भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश और देशभर के दिगंबर जैन समाज में उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण है।

 

आचार्य श्री का भव्य, ऐतिहासिक एवं मंगलमय नगर प्रवेश रविवार, 19 जुलाई 2026 को प्रातः 6:30 बजे नारायण नगर से प्रारंभ होकर श्री विद्योदय तीर्थ, एम.पी. नगर तक होगा। इस भव्य आयोजन में देशभर से लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

 

आचार्य श्री की अगवानी के लिए भोपाल के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन, बैरागढ़, सीहोर, आष्टा, शुजालपुर, अकोदिया, कालापीपल, सारंगपुर, शाजापुर, सागर, विदिशा, बीना, दमोह, कुंडलपुर, इटारसी, नागपुर, नर्मदापुरम, अब्दुल्लागंज, मंडीदीप सहित अनेक नगरों एवं महानगरों से हजारों श्रद्धालु भोपाल पहुंचेंगे। राजधानी में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

 

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विश्वास सारंग, भगवान दास सबनानी, कृष्णा गौर, महापौर मालती राय सहित अनेक मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों के उपस्थित रहने की संभावना है।

 

श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट, भोपाल के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी ने बताया कि उनका संकल्प था कि आचार्य श्री समय सागर जी महाराज का चातुर्मास भोपाल में हो तथा श्री विद्योदय तीर्थ का निर्माण शीघ्र पूर्ण हो। अब यह संकल्प साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है। उन्होंने बताया कि पंचायत कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य तन, मन और धन से आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रतिदिन राजधानी से 300 से 400 श्रद्धालु आचार्य श्री के विहार में सम्मिलित हो रहे हैं तथा हाल ही में भोपाल से लगभग 1000 श्रद्धालुओं ने विहार में सहभागिता की।

 

श्री विद्योदय तीर्थ निर्माण समिति के मुख्य संयोजक राकेश जैन (ओएसडी) ने कहा कि यह समस्त समाज के लिए गौरव का क्षण है। आचार्य श्री के पावन सान्निध्य में विद्योदय तीर्थ निर्माण कार्य को और गति दी जाएगी, ताकि शीघ्र ही यह भव्य तीर्थ पूर्ण होकर पंचकल्याणक महोत्सव भी आचार्य श्री के सान्निध्य में संपन्न हो सके।

 

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि रविवार, 19 जुलाई 2026, प्रातः 6:30 बजे नारायण नगर से प्रारंभ होने वाली इस ऐतिहासिक अगवानी में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें।

 

"आ रहे हैं पिच्छी कमंडलधारी… करो अगवानी की तैयारी।"

 

निवेदक एवं आयोजक :

श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट, भोपाल

श्री विद्योदय तीर्थ निर्माण समिति, भोपाल

सकल दिगंबर जैन समाज, भोपाल