श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गूंजे नंद के आनंद भयो के जयकारे
नर्मदापुरम। ग्राम डोलरिया स्थित खेड़ापति माता मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान शनिवार देर शाम भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते और नृत्य करते नजर आए।
कथा व्यास पंडित आचार्य संतोष महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनाते हुए कहा कि कलियुग में श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है और अहंकार का नाश करता है। उन्होंने कहा कि जब धरती पर अत्याचार और अनाचार बढ़ा, तब भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी के आठवें गर्भ से जन्म लेकर अत्याचारी कंस का संहार किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भी सुंदर वर्णन किया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे बालक के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। पूरे आयोजन स्थल पर देर तक भक्तिमय वातावरण बना रहा।
भागवत कथा के मुख्य यजमान हुकम सिंह बसाया द्वारा विधिवत भागवत कथा का पूजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश गौर, मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र राजपूत, सत्येंद्र सिंह परिहार सहित अन्य वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)