झोली अपने लिए नहीं… गौमाता के लिए: ग्राम दलूपुरा में श्री रावतपुरा सरकार ने घर-घर जाकर मांगी गौमाता के लिए रोटी, शिक्षा-स्वास्थ्य व धर्म संरक्षण कीं महत्वपूर्ण घोषणाएँ

टीकमगढ़ | दित्यपाल राजपूत 

टीकमगढ़ जिले की लिधौरा तहसील अंतर्गत ग्राम दलूपुरा में "एक रोटी गाय के लिए" अभियान के तहत पूज्य श्री रावतपुरा सरकार ने स्वयं झोली लेकर घर-घर पहुंचकर गौमाता के लिए रोटी संग्रह की। ग्रामीणों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से रोटियां समर्पित कर गौसेवा के इस अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर पूज्य श्री रावतपुरा सरकार ने कहा कि यह झोली उनके लिए नहीं, बल्कि गौमाता की सेवा के लिए फैली है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार यदि प्रतिदिन गौमाता के लिए एक रोटी निकाले, तो समाज में सेवा, संवेदना और भारतीय संस्कारों को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामवासियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि ग्राम दलूपुरा के किसी भी बच्चे की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकेगी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की स्कूल फीस का संपूर्ण खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, नवा रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में ग्राम दलूपुरा के लिए एक सीट आरक्षित रहेगी। चयनित विद्यार्थी की मेडिकल शिक्षा, हॉस्टल एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक व्ययों का पूरा खर्च भी संस्था द्वारा वहन किया जाएगा।
धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए उन्होंने ग्राम के मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु ₹5 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को सर्प या अन्य विषैले जीव-जंतु काट लें, तो झाड़-फूंक या परंपरागत उपचार में समय व्यर्थ न करें, बल्कि तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार में आर्थिक कठिनाई आने पर इलाज का खर्च भी वह स्वयं वहन करेंगे।
पूरे कार्यक्रम में ग्रामीणों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ग्रामवासियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण और धर्म संरक्षण से जुड़ी इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
"झोली अपने लिए नहीं… गौमाता के लिए।
एक रोटी गौमाता के लिए… एक संकल्प लोककल्याण के लिए।"