महाशिवरात्रि पर्व को लेकर कुंडेश्वर मंदिर बैठक हुई आयोजित

कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि और भक्त रहे मौजूद

टीकमगढ़- जिले के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवधाम कुंडेश्वर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बैठक ली। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को सुधारने के साथ-साथ पिछले कुछ समय से मंदिर ट्रस्ट के भीतर चल रहे विवादों को सुलझाने पर जोर दिया गया। इस दौरान विधायक, पूर्व विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

बॉक्स - 
कलेक्टर बोले- आपसी विवाद छोड़ मंदिर के विकास पर दें ध्यान

बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने कहा कि महाशिवरात्रि पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के बीच आपसी खींचतान मंदिर की छवि खराब करती है और विकास कार्यों में बाधा डालती है। उन्होंने सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि वे अपने मतभेदों को भुलाकर मिलकर काम करें ताकि भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बॉक्स - 
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लगाए थे गंभीर आरोप

बता दें कि यह बैठक इसलिए भी अहम थी, क्योंकि 9 जनवरी को ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों ने कलेक्टर और एसडीएम से मिलकर अध्यक्ष और सचिव पर मनमानी के आरोप लगाए थे।
कोषाध्यक्ष संतोष तिवारी का कहना था कि नियमों के मुताबिक महाशिवरात्रि से पहले साधारण सभा बुलाना जरूरी है, जिसमें साल भर के खर्च का हिसाब दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया था कि अध्यक्ष और सचिव बिना जानकारी के पैसे खर्च कर रहे हैं और बैठक बुलाने से बच रहे हैं। पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफे तक की चेतावनी दे दी थी।
बॉक्स - 
पैसे के हिसाब में पारदर्शिता रखने के निर्देश

कलेक्टर ने मंदिर के खजाने और दान की राशि को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि आय-व्यय में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग आस्था के साथ मंदिर में दान करते हैं, इसलिए एक-एक पैसे का सही रिकॉर्ड होना चाहिए।
बैठक में तय किया गया कि इन तमाम मुद्दों और आगे की प्लानिंग के लिए ट्रस्ट की अगली बैठक 3 या 4 फरवरी को आयोजित की जाएगी।

बॉक्स - 
बैठक में ये रहे मौजूद

इस दौरान एसडीएम संस्कृति लिटोरिया, तहसीलदार सत्येंद्र गुर्जर, विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, पूर्व विधायक राकेश गिरी सहित भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत और मंदिर ट्रस्ट के अन्य सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।