नर्मदापुरम 
ट्राइडेंट कंपनी में 12 दिवसीय दीपावली उत्सव मेले का आयोजन, कम कीमतों पर मिल रहे बेहतरीन उत्पाद

नर्मदापुरम/बुधनी। दीपावली के त्योहार को खास बनाने और लोगों को किफायती दामों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधनी स्थित ट्राइडेंट कंपनी में भव्य दीपावली उत्सव मेले का आयोजन किया गया। ट्राइडेंट समूह द्वारा हर वर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में इस बार खास बदलाव करते हुए इसकी अवधि तीन दिन से बढ़ाकर 12 दिन कर दी गई है।
मेले में स्थानीय दुकानदारों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। ट्राइडेंट के उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान रखते हैं। वहीं दीपावली के अवसर पर कंपनी द्वारा अपने उत्पाद विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाते हैं। यही वजह है कि मेले में खरीदारी के लिए नर्मदापुरम सहित आसपास के जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
मेले में खास तौर पर होटल व्यवसाय से जुड़े लोग बेडशीट, कंबल सहित अन्य उत्पादों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं आम ग्राहकों के लिए भी घरेलू उपयोग की कई सामग्री आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
दीपावली मेले को केवल खरीदारी तक सीमित न रखते हुए इसे परिवार के साथ उत्सव मनाने का अवसर भी बनाया गया है। यहां बच्चों के लिए झूले, विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल और रेस्टोरेंट की व्यवस्था की गई है। कुल मिलाकर ट्राइडेंट का यह दीपावली उत्सव मेला खरीदारी, मनोरंजन और त्योहार की खुशियों का संगम बन गया है।