वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, रात में गरजा वन विभाग; ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल जब्त

दो व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज, अतिक्रमण के प्रयास पर वन विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति

शमशाबाद। वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयासों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए रात में बड़ी कार्रवाई की। वन परिक्षेत्र शमशाबाद के जाटबरखेड़ा बीट अंतर्गत ग्राम डबरी में वन भूमि पर अतिक्रमण की कोशिश करते एक ट्रैक्टर को वन विभाग की टीम ने मौके से जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया, जिसकी मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध के प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

वन विभाग के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डबरी स्थित कक्ष क्रमांक RF 267 में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के लिए ट्रैक्टर चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी शमशाबाद ने दो टीमें गठित कर मौके पर रवाना कीं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण क्षेत्र में चल रहे ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया।

इसी कार्रवाई के दौरान जाटबरखेड़ा बीट के कक्ष क्रमांक PF 267A में ट्रैक्टर की निगरानी कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

रात-दिन गश्त, अतिक्रमणकारियों पर नजर

प्रशिक्षु आईएफएस एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी हेमंत प्रताप सिंह ने कार्रवाई का श्रेय वन अमले को देते हुए कहा कि वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए दिन और रात गश्ती दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। वन अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने के साथ ही नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई भी की जा रही है।

वनमंडल विदिशा में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयासों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।