आलोट । नगर में त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन सड़कों पर खुले घूम रहे आवारा पशु आमजन की परेशानी बढ़ा रहे हैं। आलोट नगर के विभिन्न मार्गों पर मवेशियों के झुंड बीच सड़क पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं कई बार अचानक दौड़ लगाते पशुओं के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
नगर के व्यस्त मार्गों और बाजार क्षेत्रों में जगह-जगह मवेशियों का जमावड़ा यातायात व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन रहा है। दोपहिया वाहन चालक और राहगीर इन पशुओं के बीच से निकलने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि सड़कें आवागमन के बजाय मवेशियों के बैठने का ठिकाना बनती जा रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर की इस समस्या से जिम्मेदार अनजान हैं या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? नगर परिषद की ओर से आवारा पशुओं को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए प्रभावी अभियान दिखाई नहीं दे रहा है।
त्योहारी सीजन में किसी अप्रिय घटना से पहले नगर परिषद को जागना होगा। आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है? नगरवासियों ने मांग की है कि तत्काल विशेष अभियान चलाकर सड़कों से आवारा पशुओं को हटाया जाए और पशुओं को खुले में छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
Continue With Google