आलोट। कानून की गिरफ्त से बचकर आठ महीने तक फरारी काट रहा एनडीपीएस एक्ट का आरोपी आखिरकार आलोट पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम दुधिया में घेराबंदी कर स्थाई वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना आलोट पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, थाना आलोट के अपराध क्रमांक 96/2026 में धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित आरोपी जगदीश पिता तुलसीराम बागरी (58 वर्ष), निवासी ग्राम दुधिया, थाना आलोट पिछले करीब आठ माह से फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उपनिरीक्षक आरसी खड़िया, आरक्षक अभिनन्दन (400), दीपक पाटीदार (490), रौनक पोरवाल (955) एवं सुरेंद्र सिंह (260) की सराहनीय भूमिका रही।
आलोट पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और कानून से बचकर लंबे समय तक फरार रहना आसान नहीं है।
Continue With Google