गुजरात में कट्ठीवाड़ा के दो युवकों की कार में जलकर मौत, वाहन विवाद में हत्या की आशंका

कट्ठीवाड़ा क्षेत्र के नितिन और रविन्द्र की मौत से गांवों में शोक, जुलाई में मजदूरी करने गए थे गुजरात

कट्ठीवाड़ा । गुजरात के अमरेली जिले के लिलिया थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश के दो युवकों की तूफान गाड़ी सहित जलने से मौत का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र के नितिन पिता रामचंद्र निवासी ग्राम अगरण और रविन्द्र पिता कमलेश बघेल निवासी ग्राम कदवाल के रूप में हुई है। दोनों युवक जुलाई माह में मजदूरी करने के लिए गुजरात गए थे।

जानकारी के अनुसार, आधी रात को गाड़ी में आग लगने के साथ धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस घटना में दोनों युवक गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह जल गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के शवों का गुजरात के भावनगर में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

घटना को लेकर अब वाहन के लेनदेन और पैसों के विवाद की आशंका भी सामने आ रही है। ग्राम पंचायत कदवाल के सरपंच दिलू भाई ने बताया कि वाहन के लेनदेन को लेकर विवाद होने की जानकारी है। उन्होंने आशंका जताई कि युवकों की पहले ही हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गाड़ी में आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि, हत्या की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, कट्ठीवाड़ा थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी ने बताया कि मामले में गुजरात पुलिस के संपर्क में हैं। घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच की जाएगी।

दोनों युवकों की असामयिक मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गुजरात पुलिस की जांच से ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।