अशोकनगर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अशोकनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी कालू उर्फ सलीम खान के दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी ललितपुर का मेडिकल स्टोर संचालक है, जो अवैध एबिल इंजेक्शन सप्लाई करता था, जबकि दूसरा आरोपी चंदेरी क्षेत्र में स्मैक तस्करी करने वाला वन विभाग का वनपाल है।

पहले मुख्य आरोपी पकड़ाया

12 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर गुना रोड स्थित लक्ष्मी ढाबे के पीछे दबिश देकर मुख्य आरोपी कालू उर्फ सलीम खान को पकड़ा था। उसके पास से 07 ग्राम स्मैक और 223 एबिल इंजेक्शन (कुल कीमत करीब 55,000 रुपये) बरामद हुए थे। कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ललितपुर से मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार

रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से पूछताछ और उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने ललितपुर पहुंचकर छापेमारी की। वहां अवैध एबिल इंजेक्शन के थोक विक्रेता एवं मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ जैन को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

वनपाल भी तस्करी में लिप्त, 2.05 ग्राम स्मैक सहित पकड़ाया

स्मैक तस्करी में संलिप्त सह-आरोपी सतीश रघुवंशी, जो वन विभाग में वनपाल के पद पर पदस्थ है और चंदेरी क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करता था, उसे 15 नवंबर 2026 को 2.05 ग्राम स्मैक (कीमत करीब 10,000 रुपये) के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के साथ-साथ विभागीय उच्च अधिकारियों को भी सूचना भेज दी गई है।

राजस्थान तक जुड़े हैं तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कालू खान राजस्थान से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता था। इस संबंध में साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम को राजस्थान रवाना किया गया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक जंग बहादुर सिंह तोमर, उपनिरीक्षक पुनीत दीक्षित, प्रधान आरक्षक दिनेश कुशवाह, अतुल रघुवंशी, राजकुमार रघुवंशी, अभयराज रघुवंशी, आरक्षक गौरव रघुवंशी, देवेन्द्र सेंगर, महेश बघेल, रमेश बारेला, निशांत छारी, सूरत तामरे और महिला आरक्षक प्रतीक्षा रघुवंशी की अहम भूमिका रही।

अशोकनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध नशीली दवाओं या मादक पदार्थों से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।