November 17, 2026 10:14 AM
1 min read
15 views
बांधवगढ़ में बाघों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल! क्या जिम्मेदारों ने बेच दिए बाघ? बाघिन डॉटी के दो शावक आखिर कहां गायब हो गए?
बठान इन्क्लोजर से भी गायब हो चुका है एक बाघ शावक, वर्षों बाद भी नहीं मिला सुराग! भोपाल मुख्यालय से बांधवगढ़ प्रबंधन तक जवाबदेही पर उठे सवाल।
उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बफर जोन मानपुर की बीट मझखेता में 10 अक्टूबर 2026 को बाघिन डॉटी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना के समय उसके दो नन्हे शावक भी साथ बताए गए थे। प्रबंधन ने दोनों शावकों के सुरक्षित होने और निगरानी में रखने का दावा किया था, लेकिन आज तक उनकी वर्तमान स्थिति और लोकेशन सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?
मामला केवल डॉटी के दो शावकों तक सीमित नहीं है। विगत वर्ष बठान इन्क्लोजर से भी प्रबंधन के लगभग 50 स्टाफ की निगरानी के बावजूद एक बाघ शावक गायब होने की बात सामने आई थी, जिसका आज तक कोई पता नहीं चल सका। आखिर इतने बड़े निगरानी तंत्र के बावजूद बाघ शावक कैसे गायब हो रहे हैं? क्या इन घटनाओं की जवाबदेही किसी अधिकारी ने तय की?
भोपाल स्थित वन मुख्यालय में वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा सहित वरिष्ठ अधिकारियों से सवाल है कि बांधवगढ़ में बाघों की सुरक्षा के दावों की वास्तविकता की जांच कब होगी? क्या दो शावकों की तलाश के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया है? आखिर बेजुबान वन्यजीवों की सुरक्षा में कथित चूकों पर जिम्मेदारों से जवाब कब मांगा जाएगा?
मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत क्रमांक 41581837 (दिनांक 14 नवंबर 2026) भी दर्ज कराई गई है।
प्रमुख मांग: डॉटी के दोनों शावकों की तत्काल तलाश कर उनकी वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए। बठान इन्क्लोजर से गायब हुए शावक के पुराने मामले की फाइल दोबारा खोलकर जांच की जाए। कैमरा ट्रैप फुटेज, निगरानी रजिस्टर और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए। लापरवाही प्रमाणित होने पर दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
सबसे बड़ा सवाल—जब बांधवगढ़ में बाघों की निगरानी के लिए पूरा अमला तैनात है, तो फिर शावक आखिर गायब कैसे हो रहे हैं? क्या बाघों की सुरक्षा सिर्फ कागजों और सरकारी दावों तक सिमटकर रह गई है? अब भोपाल मुख्यालय को इन सवालों का जवाब देना ही होगा।