अशोकनगर। जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने की दिशा में ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की है। जनसहयोग से बसारती नाले पर किया गया बोरी बंधान का कार्य शनिवार को सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया। इससे करीब 15 से 20 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड अशोकनगर के मढखेड़ा सेक्टर-01 की नवांकुर संस्था उन्नति जन कल्याण सेवा समिति और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति लखेरी बसारती के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्य 15 नवंबर से शुरू किया गया था, जो 21 नवंबर को पूर्ण हुआ।

इस कार्य में ग्रामीणों के सहयोग से 8 किलोग्राम तिरपाल और 100 बोरियों का उपयोग कर बोरी बंधान तैयार किया गया। बंधान के माध्यम से नाले के पानी को रोककर किसानों को खेती और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। साथ ही वर्षा जल के संचयन से भू-जल स्तर में भी वृद्धि होगी।

इस मौके पर विकासखंड समन्वयक मनोज यादव ने कहा कि जल संरक्षण के ऐसे सामूहिक प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नवांकुर संस्था के अध्यक्ष सुनील कुमार सेन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जनसहयोग और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य में किसानों और ग्रामीणों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान -
बोरी बंधान कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने में सराहनीय योगदान देने वाले सदस्यों और ग्रामीणों को इस मौके पर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जल संरक्षण जैसे पुनीत कार्यों में जनभागीदारी और समर्पण अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे सम्मान से अन्य ग्रामीणों और युवाओं को भी सामाजिक कार्यों में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक मनोज यादव, नवांकुर संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार सेन, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, सचिव अरविंद यादव, सदस्य अंकेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।