देवरी में सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 13,750 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त

सरकारी स्कूल और पुराने अस्पताल के पीछे चल रहा था सट्टे का खेल, थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार ने अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की कही बात

देवरीकलां। देवरी नगर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को सट्टा पर्ची काटते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 13 हजार 750 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त की हैं। आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत कार्रवाई की गई है।

थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार ने बताया कि पुलिस ने पहली कार्रवाई संजय नगर निवासी इदरीश बहना पिता फजल बहना के खिलाफ की। उसे सरकारी स्कूल के पीछे हाथा क्षेत्र से सट्टा पर्ची काटते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 7,490 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां बरामद की गईं।

वहीं दूसरी कार्रवाई में गांधी वार्ड निवासी सादिक खान पिता तारिक खान (उम्र 24 वर्ष) को पुरानी सरकारी अस्पताल के पीछे से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुलिस ने 6,260 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त की हैं।

अवैध कारोबार पर रहेगी पुलिस की नजर

थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार ने स्पष्ट किया कि देवरी नगर में सट्टे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रखेगी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।