मुंगावली। नगर के गणेश शंकर विद्यार्थी रोड पर स्थित बड़ी माता मंदिर के पास शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे पटाखे की चिंगारी से कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि उस पर काबू पानी मुश्किल हो गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और टैंकरों से काबू करने की कोशिश की गई, लेकिन रात 11 बजे के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों के अनुसार आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड और टैंकरों से आग बुझाने की कोशिश जारी थी।

बताया जा रहा है कि सीताराम नाम के व्यक्ति की यह दुकान है, जिसमें बड़ी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ था। लोगों को आशंका है कि दुकान के आसपास सूखी घास आदि में पटाखों की चिंगारी से पहले वहां आग लगी, इसके बाद वह दुकान तक पहुंच गई। पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।