सिवनी -:
सिवनी जिले का बहुचर्चित गांजा कांड अभी चर्चाओं में है, इसी बीच घंसौर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक और मामला सुर्खियों में आ गया है। गांजा तस्करी के मामले में जेल में बंद आदित्य यादव उर्फ अज्जू के परिजनों ने पुलिस पर एक लाख रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर गांजे के प्रकरण में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला जबलपुर हाईकोर्ट तक पहुंच गया है, जहां आरोपी पक्ष की ओर से रिट याचिका दायर की गई है। आरोपों के बीच घंसौर पुलिस ने भी CCTV फुटेज और अन्य वीडियो जारी करते हुए आधिकारिक प्रेस नोट के माध्यम से अपना पक्ष रखा है।
1 किलो 206 ग्राम गांजा बरामदगी का पुलिस का दावा
घंसौर थाना पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घंसौर निवासी आदित्य यादव उर्फ अज्जू मोटरसाइकिल में गांजा रखकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिग्गी में प्लास्टिक की पन्नी से 1 किलो 206 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्ती कार्रवाई की गई।
30,800 रुपये और जेवर लौटाने का पुलिस का दावा
इस पूरे विवाद में सबसे अहम सवाल आरोपी के पास से मिली नकदी और जेवर को लेकर है। पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, आदित्य यादव के पास से 30,800 रुपये नकद मिले थे। पूछताछ में आरोपी ने उक्त रकम अपनी पत्नी की बताई थी। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के बाद आरोपी की पत्नी और उसके भाई को थाने बुलाकर 30,800 रुपये नकद, कान में पहना हुआ पीली धातु का आभूषण और गले में पहनी सफेद धातु की चेन विधिवत सुपुर्द की गई थी। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग करने के साथ लिखित पावती भी प्राप्त की गई थी।
*अधिवक्ता प्रमोद सिंह तोमर के जरिए हाईकोर्ट में उठाया मामला*
दूसरी तरफ आरोपी आदित्य यादव उर्फ अज्जू के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जबलपुर हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। इस मामले में आरोपी पक्ष की ओर से जबलपुर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता प्रमोद सिंह तोमर पैरवी कर रहे हैं। अधिवक्ता की बाइट में आरोपी पक्ष का रुख भी सामने आया है। अब न्यायालय में इस मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की अहम भूमिका रहेगी।
13 अपराधों का रिकॉर्ड, तीन मामले गांजे से संबंधित
घंसौर पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, आदित्य यादव के खिलाफ थाने में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गांजे से संबंधित तीन मामले शामिल हैं। पुलिस ने उसे आदतन अपराधी बताते हुए जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने का भी उल्लेख किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी पक्ष सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस पर दबाव बनाने के लिए भ्रामक और झूठी जानकारी प्रसारित कर रहा है।
गांजा कांड के बाद पुलिस की छवि पर फिर बहस
सिवनी के चर्चित गांजा कांड के CCTV फुटेज वायरल होने के बाद जिले की पुलिस की कार्यप्रणाली लगातार सार्वजनिक बहस का विषय बनी हुई है। अब घंसौर का यह मामला भी उसी कड़ी में चर्चा का केंद्र बन गया है। एक तरफ परिजनों के रिश्वत मांगने और झूठे केस में फंसाने के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और लिखित पावती को अपने पक्ष का आधार बता रही है।
Continue With Google