प्रेम प्रसंग के विवाद में मारपीट, पांच दिन बाद युवक की मौत... आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर परिजनों ने किया चक्काजाम
हरदा जिले के खिरकिया में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में मारपीट के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच दिन पहले युवक को समझाने के बहाने ग्राम पड़वा में बुलाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में भोपाल रेफर किए गए युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छिपाबड़ चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने दो संदिग्धों को राउंडअप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पूरा मामला हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र का है। ग्राम खेड़ा निवासी पवन श्रीवास का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को ग्राम पड़वा निवासी कुछ लोगों ने पवन को बातचीत और समझाइश के बहाने अपने घर बुलाया था। इस दौरान उसका छोटा भाई योगेश और कुछ दोस्त भी उसके साथ पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां पवन और उसके भाई योगेश के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के बाद पवन की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया, लेकिन शनिवार को भोपाल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया, लेकिन परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। आक्रोशित लोगों ने छिपाबड़ चौराहे पर शव सड़क पर रखकर हरदा-खंडवा हाईवे पर कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। वहीं पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को राउंडअप किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Continue With Google