लोकेशन-रीवा
अरविन्द तिवारी 

जवा में रेत माफियाओं पर कलेक्टर का शिकंजा! बिना अनुमति एक कंकड़ भी नहीं उठेगा, अवैध खनन पर होगी सीधी कार्रवाई

पथरौड़ा, इटाव, बराह और गाढ़ा-138 घाट पर अवैध रेत उत्खनन के आरोप, मशीनों और नावों से नदी का सीना छलनी करने की शिकायत; कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने खनिज विभाग और एसडीएम को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।

रीवा जिले के जवा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। तराई क्षेत्र की नदियों में प्राकृतिक संपदा की खुलेआम लूट किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि पथरौड़ा घाट, इटाव, बराह और गाढ़ा-138 सहित कई घाटों पर मशीनों और नावों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। यदि इन शिकायतों की पुष्टि होती है तो यह न केवल राजस्व की क्षति, बल्कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।

स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि जब इन घाटों पर रेत उत्खनन की अनुमति नहीं है, तो आखिर किसके संरक्षण में यह कारोबार संचालित हो रहा है? क्या खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर कार्रवाई के अभाव में रेत कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं?

कलेक्टर का दो टूक संदेश—अवैध उत्खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

मामले को लेकर जब रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से चर्चा की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जवा क्षेत्र में बालू की कोई खदान स्वीकृत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला पहली बार उनके संज्ञान में आया है। यदि बताए गए स्थानों पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है तो यह बेहद आपत्तिजनक है।

कलेक्टर ने कहा कि खनिज विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन नहीं होना चाहिए। चाहे बालू हो, मोरम हो, मोटी रेत हो या अन्य खनिज, बिना अनुमति किसी भी तरह का उत्खनन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में शीघ्र ही समुचित एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब कार्रवाई का इंतजार!

कलेक्टर के सख्त रुख के बाद अब निगाहें खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि पथरौड़ा, इटाव, बराह और गाढ़ा-138 घाट पर जांच कब होती है और अवैध उत्खनन की शिकायतों पर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

बाइट : नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर रीवा।