अशोकनगर। नशा मुक्त अशोकनगर अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को ग्राम माधौगढ़ में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने गांव में दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर छापा मारा, जहां से 400 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब, 60 टंकियां और शराब बनाने की सामग्री व भट्टियां जब्त की गईं। साथ ही मौके पर ही करीब 20 हजार लीटर लहान को नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में, एएसपी अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस लाइन, थाना देहात और थाना कचनार की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
पुलिस अब इस अवैध कारोबार के नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी है। शराब बनाने के लिए कच्चा माल कहां से आता था, परिवहन में किन वाहनों का इस्तेमाल होता था और इस धंधे में कौन-कौन लोग शामिल थे, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले लोगों पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक आकाश शर्मा, निरीक्षक मनीष चौहान, निरीक्षक संजीव शर्मा, थाना प्रभारी कचनार उनि सत्येन्द्र कुशवाह सहित थाना देहात, थाना कचनार और पुलिस लाइन के बल की सराहनीय भूमिका रही।
वहीं एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने स्वजन सहयोग अभियान के तहत ग्राम माधौगढ़ के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने और समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करें। साथ ही कहीं भी अवैध शराब निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Continue With Google