नईसराय/अशोकनगर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शनिवार को तहसील मुख्यालय नईसराय पर मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर के साथ उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और सफलता की कहानियां सुनाईं।

कार्यक्रम में स्वरोजगार और नवीन उद्यम स्थापना से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 28 हितग्राहियों को कुल 26.82 लाख रुपये का हितलाभ वितरित किया गया। साथ ही प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

इन योजनाओं की दी जानकारी -
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मप्र एमएसएमई प्रोत्साहन योजना, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित उद्यमियों और हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने, नवीन उद्यम शुरू करने, योजनाओं की पात्रता, ऋण और अनुदान से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई।

किस योजना में कितना लाभ -

- मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 2 हितग्राहियों को 4 लाख रुपये

 

- पीएम विश्वकर्मा योजना के 17 हितग्राहियों को 17 लाख रुपये

 

- स्व-सहायता समूह के 2 हितग्राहियों को 3 लाख रुपये

 

- उद्यानिकी विभाग की पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के 1 हितग्राही को 75 हजार रुपये

 

- पिछड़ा वर्ग विभाग की विमुक्त जाति स्वरोजगार योजना के 1 हितग्राही को 90 हजार रुपये

 

- डेयरी प्लस योजना के 2 हितग्राहियों को 2.95 लाख रुपये

 

- बकरी पालन योजना के 1 हितग्राही को 77 हजार रुपये

 

- मैत्री गौसेवक योजना के 2 हितग्राहियों को 1.10 लाख रुपये

 

उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव -
कार्यक्रम में उद्यमियों ने शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग से स्थापित अपने उद्यमों के अनुभव साझा किए। मेसर्स स्वास्तिक एग्रो इंडस्ट्रीज के संजय श्रीवास्तव, मेसर्स KGN बायोकोल के रविशंकर चौबे और मेसर्स रिजमा बायोकोल के आजाद खान ने बताया कि उन्होंने बायोमास ब्रिकेट्स यूनिट स्थापित की है। इन इकाइयों को शासन की एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत 40 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला है।

इसी तरह राजेन्द्र सिंह ने पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना का लाभ लेकर मसाला उद्योग स्थापित किया, जबकि रामकलीबाई लोधी ने नमकीन उद्योग शुरू किया। क्रिश रघुवंशी ने मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना का लाभ लेकर पशुपालन का काम शुरू किया। वहीं सुनीता सालुंके को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी योजना का लाभ मिला।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर खुद का उद्यम स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।