फरार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 40 आरोपियों की गिरफ्तारी पर 66,500 रुपये का इनाम घोषित
लूट, चोरी और नकबजनी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों पर कार्रवाई; एसपी समर वर्मा ने जारी किए आदेश
रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल
अलीराजपुर। जिले में लूट, चोरी और नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार चल रहे कुल 40 आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 66 हजार 500 रुपये का नगद इनाम घोषित किया है।पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने मध्यप्रदेश पुलिस रेग्यूलेशन के पैरा क्रमांक 80(ब)(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। इन आरोपियों में संपत्ति संबंधी अपराधों के साथ-साथ माननीय न्यायालय से जारी स्थायी वारंट में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी भी शामिल हैं।पुलिस द्वारा इन फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए इनाम घोषित करने का उद्देश्य उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। साथ ही जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
Continue With Google