*जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में, शासन की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल!*

*टीकमगढ़।* प्रदेश सरकार लाख दावे कर ले कि स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त है, लेकिन टीकमगढ़ के सरकारी अस्पताल की हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। रात के समय जिला अस्पताल में एंबुलेंस खड़ी होने के बाद भी मरीजों को नहीं मिल रही है।

सूत्रों की मानें तो रात में इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को एंबुलेंस के लिए घंटों भटकना पड़ रहा है। परिजन अस्पताल के चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन एंबुलेंस का ड्राइवर मिलता नहीं और जिम्मेदार अधिकारी का फोन नहीं उठता। सवाल ये है कि जब शासन ने लाखों रुपये खर्च कर एंबुलेंस उपलब्ध कराई है, तो रात में वो किस काम की?

*कागजों में दौड़ती एंबुलेंस, जमीन पर मरीज तड़पता है*
जानकारी के मुताबिक अस्पताल परिसर में ही एंबुलेंस खड़ी रहती है, लेकिन रात में ताला लगाकर ड्राइवर गायब हो जाता है। ना कोई रजिस्टर मेंटेन होता है, ना कोई जवाब देने वाला। गरीब मरीज जो 108 को फोन लगाता है, उसे भी घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो मरीज को निजी वाहनों से रेफर करना पड़ता है।

*सबसे बड़ा सवाल - कार्यवाही कब होगी?*
जिले के आला अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन इस पूरे मामले पर आंखें मूंदे बैठे हैं। सीएमएचओ और सिविल सर्जन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन आज तक किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आखिर कब जागेगा प्रशासन?
क्या किसी गरीब की मौत के बाद ही अधिकारियों की नींद टूटेगी?
क्या रात में गरीब को बीमार पड़ने का हक नहीं?

टीकमगढ़ की जनता अब पूछ रही है - *जब अस्पताल में सुविधा होते हुए भी नहीं मिलती, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?* कलेक्टर महोदय और स्वास्थ्य विभाग को इस पर तुरंत संज्ञान लेकर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, नहीं तो ये लापरवाही किसी की जान ले लेगी।