अशोकनगर। बहादुरपुर तहसील की ग्राम पंचायत इकोदिया में पीएचई विभाग और ठेकेदार की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। पंचायत क्षेत्र में पिछले दो महीने से चार प्रमुख शासकीय हैंडपंप खराब पड़े हैं, लेकिन शिकायतों के बाद भी अब तक उनकी सुध नहीं ली गई है। भीषण जलसंकट के चलते ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राएं भी बूंद-बूंद पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत इकोदिया में कासरदेव भगवान के स्थान के पास प्यासी रोड, शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सामने, आदिवासी मोहल्ला और एकीकृत शाला माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे चारों हैंडपंप दो माह से बंद हैं। विद्यालय का हैंडपंप खराब होने से मध्याह्न भोजन और प्यास बुझाने के लिए बच्चों को बाहर भटकना पड़ता है।
बिजली कटौती से बढ़ जाती है मुसीबत
हैंडपंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के क्षेत्रों या फिर गांव में लगी निजी मोटरों से पानी भरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या तब खड़ी होती है जब गांव में बिजली गुल हो जाती है। बिजली बंद होते ही निजी मोटरें भी ठप पड़ जाती हैं, जिससे पूरा गांव पेयजल के लिए हाहाकार मचा देता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पीएचई विभाग से वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द चारों खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवाई जाए।
Continue With Google