आलोट। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आलोट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसडीओपी पल्लवी गौर के प्रभावी मार्गदर्शन और सतत निगरानी में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को 16 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 41 हजार 500 रुपये बताई गई है।
8 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्रमगढ़ से खजुरी-देवड़ा रोड की ओर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। उनके कब्जे से पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में रखा 16 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई में नेपाल सिंह (45) निवासी कागड़िया, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ और भारत शर्मा (35) निवासी कागड़िया, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक आरजे 17 एफएस 2137 तथा हेलमेट भी जब्त किया है। दोनों के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 424/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई लाइन, खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक योगेश पाटीदार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)