आलोट (रतलाम)। ताल थाना क्षेत्र के ग्राम गुडभेली में महिला से कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में एक महिला के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। महिला दर्द से चीखती और बचाने की गुहार लगाती सुनाई देती है। इसी दौरान पीछे से एक महिला की आवाज में कथित तौर पर गला दबाने की बात कही जा रही है। वहीं मारपीट कर रहा व्यक्ति कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देता है कि मैं इसका इलाज करा-करा कर थक गया हूं, मर भी नहीं रही है। वीडियो में गाली-गलौज की आवाजें भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और आवाजों की पुष्टि पुलिस जांच का विषय है।
पति, सास और ससुर पर मारपीट के आरोप
पीड़िता ज्योतिबाई (27) ने 5 अगस्त को ताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उसने अपने पति लखनदास बैरागी, सास गुड्डीबाई और ससुर नागुदास बैरागी पर मारपीट करने, अश्लील गालियां देने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना और वीडियो सामने आने के बावजूद शुरुआत में एफआईआर दर्ज करने के बजाय समझौते का प्रयास किया गया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और समाज के लोगों में आक्रोश बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। परिजनों ने दर्ज प्रकरण में उनकी शिकायत के अनुरूप धाराएं नहीं लगाए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कहा- विवेचना जारी
ताल थाना पुलिस के अनुसार फरियादिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 397/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लखनदास बैरागी और नागुदास बैरागी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है।
वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि घटना का वीडियो सामने आ चुका था और पीड़िता ने शिकायत की थी तो कार्रवाई में देरी क्यों हुई? परिजनों द्वारा लगाए गए समझौते के प्रयास के आरोपों की जांच होगी या नहीं? वायरल वीडियो में सुनाई दे रही आवाजों और दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पुलिस किस तरह जांच करेगी?
इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल गुडभेली की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पीड़ित पक्ष निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस का कहना है कि प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और विवेचना जारी है।
Continue With Google
Comments (0)