सिवनी- :

जिला मुख्यालय सिवनी में मंगलवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर कलेक्टर (ADM) कार्यालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।

 

जानकारी के अनुसार गंगाढाना, छपारा निवासी संतोष सिंह सिसोदिया की पुश्तैनी जमीन पर लगे पेड़ों की कटाई से संबंधित एक मामला लखनादौन एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन था। एसडीएम न्यायालय द्वारा आवेदक के विरुद्ध फैसला दिए जाने के बाद उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित अपर कलेक्टर न्यायालय में अपील प्रस्तुत की थी।

 

आरोप है कि अपर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने अपील में पक्ष में फैसला कराने के नाम पर आवेदक से पहले 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ। रिश्वत की मांग से परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त जबलपुर से की।

 

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उपभोक्ता फोरम भवन के पोर्च में जाल बिछाया। जैसे ही आवेदक ने आरोपी रीडर को 20 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

 

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई का नेतृत्व लोकायुक्त जबलपुर के निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया के निर्देशन में किया गया।