दमोह के रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वनपाल पर कुल्हाड़ी से हमला

दमोह: रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब गश्त कर रहे एक वनपाल पर एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में वनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यह घटना वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के सर्रा गेम परिक्षेत्र की बोरिया बीट में हुई। जानकारी के अनुसार, रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के सर्रा गेम परिक्षेत्र में तैनात वनपाल बृजेश सेन (38) बुधवार की दोपहर जंगल भ्रमण पर थे। इसी दौरान बोरिया गांव के निवासी भूरा ठाकुर ने उन पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

वन विभाग की टीम ने बताया कि वनपाल अपने क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे, जब उन्होंने भूरा ठाकुर को जंगल से सागौन की लकड़ी ले जाते हुए देखा। रोकने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद भूरा ठाकुर ने हमला कर दिया।

हमले के बाद, घायल वनपाल ने तुरंत घटना की सूचना वन परिक्षेत्र अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग की टीम ने भी सक्रियता दिखाते हुए शाम को आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया, जहां से उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।

इस पूरे मामले में पुलिस और वन विभाग की टीमें मिलकर कार्यवाही कर रही हैं।