नफीस खान सीहोर।
सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में मोलगा-रामनगर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक युवक का शव मिला है। राहगीरों ने सड़क किनारे खून से सना शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान ग्राम सतपीपलीया निवासी अंकुश परमार के रूप में हुई है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
शरीर पर कई जगह जख्म के निशान
मृतक के शरीर पर गहरे जख्म मिले हैं, जो धारदार हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं। सूचना मिलते ही इछावर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। धारदार हथियार के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। पुलिस रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि आज सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम सतपीपलीया निवासी देवेंद्र परमार (32) ने सूचना दी कि उनके भाई अंकुश परमार (28) का शव इछावर-रामनगर रोड पर हेमराज के खेत की मेड के पास सतपीपलीया के कच्चे रास्ते पर पड़ा है। सूचना पर देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज किया गया है।
कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस
एसपी शुक्ला के अनुसार, शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है और उस पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। भोपाल से एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस गांव के पुराने विवादों और अंकुश की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।
Continue With Google