कटनी। जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए एक बड़ी तस्करी का भंडाफोड़ किया है। बड़वारा थाना पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर दो पिकअप और एक स्कॉर्पियो में ले जाई जा रही 133.93 किलोग्राम गांजा की खेप पकड़ ली। जप्त माल और वाहनों की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस सनसनीखेज कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के स्पष्ट निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी कड़ी में 18 जनवरी 2026 को देहात भ्रमण के दौरान ग्राम मिडरा के जंगल में संदिग्ध वाहनों की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर तीनों वाहनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप और स्कॉर्पियो में गांजा से भरी बोरियां बरामद हुईं। मौके पर ही विधिवत कार्रवाई करते हुए BR-24 GC-5729, UP-64 BT-3360 तथा CG-15 EJ-0814 नंबर के वाहन जप्त किए गए। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों—छत्तीसगढ़, बिहार और कटनी जिले के रहने वाले—को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की पूछताछ जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. कृष्ण कुमार पटेल के नेतृत्व में उनि. प्रदीप कुमार जाटव, सउनि. रघुवीर सिंह, सउनि. रामनाथ साकेत, सउनि. विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, गौरीशंकर राजपूत, शिवप्रकाश तिवारी और बृजलाल प्रजापति की अहम भूमिका रही।
जंगल के रास्ते गांजा खपाने की साजिश पर बड़वारा पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ बड़ी सफलता है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि जिले में नशे के सौदागरों के लिए अब कोई सुरक्षित रास्ता नहीं।

Continue With Google
Comments (0)