रफ्तार का कहर: कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक हुआ गंभीर घायल

मुलताई–छिंदवाड़ा रोड पर स्थित डहुआ गांव के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन पिता भीमराव गावंडे (32 वर्ष) अपना ढाबा बंद कर बाइक से अपने गांव पाडसिंगा लौट रहे थे। इसी दौरान मुलताई की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक सहित सड़क की दूसरी ओर जा गिरा।

हादसे में मोहन गावंडे के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।