बरगी ।

बरगी नगर में दीवार गिरने से मजदूर की मौत, एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं, परिजनों में आक्रोश
बरगी/जबलपुर। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण परिसर में जर्जर भवन से ईंट निकालते समय दीवार गिरने से मजदूर धनीराम झारिया की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने केवल मर्ग कायम कर जांच शुरू की, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ठेकेदार को बचाने की कोशिश कर रही है। क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी भवनों से दरवाजे-खिड़की और ईंट चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
बताया जा रहा है कि बरगी नगर निवासी शासकीय कर्मचारी  नरहर पटेल 22 मार्च को धनीराम को काम के बहाने अपने साथ ले गया था। धनीराम को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जर्जर भवन से ईंट निकालने का काम अवैध है। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर करीब 40 किलोमीटर दूर बरगी नगर से जबलपुर एसपी कार्यालय पहुंचे। उनका कहना है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई अधिकारी उनसे मिलने आया और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई की गई।
वहीं इस मामले में डीएसपी बीएस गाठोरिया ने बताया कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। थाना प्रभारी को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बरगी थाने का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार भोले-भाले ग्रामीणों को काम का लालच देकर अवैध गतिविधियों में लगा रहा है। संगठन ने पुलिस को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
अब इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है।