डबरा।
सिविल अस्पताल परिसर में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सीमेंट के पेवर ब्लॉक से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बेकाबू होकर बीएमओ कार्यालय के बाहर लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली खंभे पर चढ़ गई और वहां लगी स्ट्रीट लाइट क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में 100 बिस्तरों वाली नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार द्वारा पेवर ब्लॉक मंगवाए गए थे, जिन्हें लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली अस्पताल पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। वहीं, आसपास मौजूद मरीज और उनके परिजन भी तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना के समय अस्पताल में सैकड़ों लोग मौजूद थे, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही थी। फिलहाल, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते स्थिति नियंत्रण में आ गई।

Continue With Google
Comments (0)