आलोट (रतलाम)। आलोट सिविल अस्पताल में सोमवार देर रात हुई मारपीट की घटना ने स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया। प्रभारी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. देवेंद्र मोर्य पर अस्पताल परिसर में कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में डॉक्टर के बेहोश होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद अस्पताल कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. मोर्य को देर रात अस्पताल बुलाया गया था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति निर्मित हुई और आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा चिकित्सक बेहोश हो गए।
सूचना मिलने पर आलोट पुलिस मौके पर पहुंची और चिकित्सक की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132 (शासकीय कार्य में बाधा), 121(1), 296(बी), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के विरोध में अस्पताल कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों में भारी रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी चिकित्सकों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा अस्पताल में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
घटना के विरोध में मंगलवार को सिविल अस्पताल की सेवाएं बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
इधर, घटना को लेकर नगर में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)