आलोट। बरखेड़ा कला थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे पटवारी अजय चौहान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बरखेड़ा कला थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी राहुल पिता किशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन एवं थाना प्रभारी पातीराम दावरे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर भी जब्त किया गया। मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
कुछ दिन पूर्व पटवारी अजय चौहान शासकीय भूमि पर अवैध खनन रोकने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान खनन माफिया ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया था। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और मौके पर तैयार किया जा रहा पंचनामा भी फाड़ दिया। हमले में पटवारी अजय चौहान के हाथ की हड्डी टूट गई थी, जिनका उपचार रतलाम के शासकीय चिकित्सालय में जारी है।
घटना के बाद एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी। इसी क्रम में थाना प्रभारी पातीराम दावरे के नेतृत्व में आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। साथ ही अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे आयशर ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस का शासकीय वाहन रास्ते में खराब हो गया। वाहन उपलब्ध नहीं होने पर पुलिसकर्मी आरोपी को पैदल ही अस्पताल लेकर पहुंचे और नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया। यह घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने वाले तथा अवैध खनन में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Continue With Google
Comments (0)