नकली सोने के बिस्किट का झांसा देकर वनरक्षक से 2.90 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
आलीराजपुर। नकली सोने के बिस्किट बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को आलीराजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक वनरक्षक को पुराने मकान से मिले कथित सोने के बिस्किट सस्ते दाम में बेचने का लालच देकर 2 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि फरियादी बापूसिंह बघेल (32) निवासी चमारबेगड़ा हाल मुकाम तालाब फलिया, आलीराजपुर, वन विभाग में वनरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वृक्षारोपण कार्य के दौरान उनकी पहचान झाबुआ निवासी दिवान नामक व्यक्ति से हुई थी। दिवान ने उन्हें बताया कि उसके दोस्त को सूरत में मजदूरी के दौरान पुराने मकान से सोने के बिस्किट मिले हैं, जिन्हें वह बेचना चाहता है।
शुरुआत में मना करने के बावजूद दिवान लगातार फोन कर उन्हें बिस्किट खरीदने के लिए प्रेरित करता रहा। 26 मई 2026 को फरियादी को आम्बुआ रोड स्थित उण्डवा फाटे पर बुलाया गया, जहां राकेश बिलवाल उर्फ रामलाल जामनिया और एक महिला ने दो कथित सोने के बिस्किट दिखाकर 2 लाख 90 हजार रुपये ले लिए। बाद में जब फरियादी ने बिस्किटों की जांच कराई तो वे नकली निकले।
शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धार और झाबुआ जिलों में दबिश देकर आरोपी राकेश बिलवाल (25) निवासी पीपली, पांगलीबाई (34) निवासी पीपली तथा कालू वसुनिया (53) निवासी छापरी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि में से 70 हजार रुपये, सोने जैसे दिखने वाले दो नकली बिस्किट तथा एक वेट मशीन बरामद की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सोनू सिटोले, उपनिरीक्षक सुनील रंदे, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार राठौर, लक्ष्मण देवड़ा, रामकुमार यादव सहित कोतवाली थाना एवं साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Continue With Google
Comments (0)