निजी कंपनी की बिल्डिंग से युवक ने लगाई छलांग, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
गुना: शहर के एबी रोड स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी की बिल्डिंग से कूदकर युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का दावा किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान लूसन का बगीचा निवासी सचिन सेन के रूप में हुई है। घटना के बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गया है।
सचिन के भाई मनीष सेन ने बताया कि सचिन पिछले दो वर्षों से श्रीराम फाइनेंस में कार्यरत था। तीन दिन पहले वह ग्वालियर से आए वरिष्ठ अधिकारी के साथ मीटिंग के लिए घर से निकला था। घटना से कुछ देर पहले भी परिवार ने सचिन से फोन पर बात की थी, जिसमें उसने बताया कि वह "सर के साथ है" और बाद में बात करेगा।
परिजनों का आरोप है कि कंपनी के कुछ अधिकारी सचिन पर पैसों की व्यवस्था करने का दबाव बना रहे थे। मनीष सेन ने बताया कि ग्वालियर निवासी एक अधिकारी और एक कर्मचारी, जिसका नाम हलीम बताया गया है, सचिन से पैसों की मांग कर रहे थे। परिजनों का यह भी कहना है कि सचिन को ऑफिस में बंधक बनाकर रखा गया था और उसे घर नहीं जाने दिया जा रहा था।
परिजनों ने आशंका जताई है कि सचिन बंधन से छूटने के प्रयास में बिल्डिंग से कूदा होगा या फिर उसे धक्का दिया गया होगा। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की गहन जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी का कहना है: "सचिन सेन नाम का युवक बिल्डिंग से गिरने के बाद जिला अस्पताल लाया गया था, जिसकी मृत्यु हो गई। मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई होगी।"
Continue With Google
Comments (0)