भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव पर हटा में भव्य हवन-पूजन और भंडारा
हटा: भगवान श्री परशुराम जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर हटा नगर में धर्म, भक्ति और सनातन परंपराओं का अद्वितीय संगम देखने को मिला। सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भगवान परशुराम की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं वैदिक रीति से हवन-पूजन संपन्न किया गया।
प्रातःकाल से ही ब्राह्मण समाज धर्मशाला में श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया। संपूर्ण परिसर वेद मंत्रों की गूंज और शंखध्वनि से भक्तिमय हो उठा। विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में यज्ञ कुंड में आहुतियाँ अर्पित की गईं, जिससे वातावरण दिव्यता, पवित्रता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
ब्राह्मण समाज के लोगों ने भगवान परशुराम के चरणों में पुष्प अर्पित कर धर्म, सत्य, पराक्रम एवं न्याय के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों के महंतों और महात्माओं का सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा तिलक-वंदन कर पुष्पमालाओं एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
विशाल भंडारा का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 2:00 बजे से विशाल भोजन प्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए ब्राह्मण समाज ने सहभागिता निभाई और प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। भंडारे में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।
इस दिव्य आयोजन में सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित महेश पुरानी, युवा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महिला अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारीगण एवं समाज के गणमान्य नागरिक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। साथ ही नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधुओं एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भव्यता प्रदान की।
यह पावन आयोजन न केवल धार्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का प्रेरणादायी संदेश देता है।

Continue With Google
Comments (0)