जतारा बिजली कार्यालय में हमले पर भड़के कर्मचारी, एसपी कार्यालय का घेराव कर की एफआईआर की मांग
दो दिन बाद भी मामला दर्ज नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने निकाली रैली, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
टीकमगढ़ -जतारा स्थित बिजली विभाग के संभागीय कार्यालय में कर्मचारियों के साथ हुई कथित मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व क्षेत्र बिजली कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने ज्ञापन में बताया कि 2 जून को ग्राम रतनगुंवा भाटा के कुछ ग्रामीण 25 केवीए ट्रांसफार्मर लेने जतारा बिजली कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि ग्रामीणों ने कार्यालय में घुसकर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और कार्यालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न की। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई तथा कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया। ज्ञापन के अनुसार घटना में कार्यालय सहायक चन्द्रशेखर नरवरिया सहित कई कर्मचारी घायल हुए। महिला कर्मचारियों को भी चोटें आईं। कर्मचारियों का आरोप है कि हमलावरों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।
बिजली कर्मचारी महासंघ का कहना है कि घटना के तुरंत बाद जतारा थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो कर्मचारियों की सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। कर्मचारियों का आरोप है कि कार्यालय में घुसकर हमला करने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। वही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह ने कहा कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है, कुछ वीडियो भी उपलब्ध हुए है, जिनके आधार पर जांच कर जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)