लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार

दो सगे भाइयों के पारिवारिक विवाद ने लिया गंभीर रूप, महिला से घर में घुसकर मारपीट, धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने के लगाए आरोप 
टीकमगढ़ - 
शहर के मिश्रा तिराहा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद अब पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया है। रीना मिश्रा पत्नी चन्द्रेश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि उनके देवर दिनेश उर्फ लल्लू मिश्रा, उनकी पत्नी अल्का मिश्रा और पुत्र यश मिश्रा उर्फ बिट्टू लगातार उनके परिवार को धमका रहे हैं तथा जान-माल का खतरा उत्पन्न कर रहे हैं। आवेदन के अनुसार 13 मई 2026 को सिंधी धर्मशाला के सामने मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के पास हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से लाइसेंसी बंदूक दिखाकर उनके पति चन्द्रेश मिश्रा और पुत्र पार्थ मिश्रा को जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उनके पति और पुत्र के साथ मारपीट भी की गई तथा मकान खाली नहीं करने पर गोली मारने की चेतावनी दी गई। पीड़िता रीना मिश्रा ने आवेदन में कहा है कि 4 जून को आरोपित पक्ष उनके घर में घुस आया और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने और पुलिस से सांठगांठ होने की धमकी भी दी गई। महिला का कहना है कि आरोपित स्वयं को राजनीतिक रूप से प्रभावशाली बताते हैं और इसी कारण उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों की लाइसेंसी बंदूक जब्त करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। महिला ने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपितों की होगी। फिलहाल यह आरोप आवेदन में लगाए गए हैं। मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल एसपी ने शिकायती आवेदन पर मामले की जांचकर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया है।