मध्यप्रदेश मंडला: नर्मदा किनारे फिर सक्रिय शराब माफिया, पुलिस ने पकड़ी 87 लीटर अवैध शराब

मंडला जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सतत अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 87 लीटर अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस ने संदिग्ध सेंट्रो कार को जेल घाट के पास घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान वाहन से देसी और अंग्रेजी शराब की कुल 87 लीटर मात्रा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 39 हजार 900 रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई:

  • सेंट्रो कार को पकड़ा गया जिसमें अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा था।
  • मौके से दो आरोपी राजा उर्फ राजेश कुमार और सुकरात मार्को को गिरफ्तार किया गया।
  • वाहन सहित शराब जब्त कर धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
  • जब्त वाहन की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई।

हालांकि, नर्मदा नदी के किनारे शराब बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद शराब माफिया सक्रिय बने हुए हैं और चोरी-छिपे अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

बाइट: शफीक खान, कोतवाली प्रभारी