आरटीआई के बाद बढ़ा विवाद: निजी जमीन पर पंचायत भवन निर्माण का आरोप

स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण का दावा, सोशल मीडिया पर 'भ्रामक' वीडियो का आरोप; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

रीवा/त्योंथर। रीवा जिले की त्योंथर तहसील के ग्राम पंचायत अमाव में पंचायत भवन निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम निवासी नरेंद्र मिश्रा ने थाना चाकघाट में शिकायत दर्ज की है, जिसमें उन्होंने सरपंच आरती मिश्रा, उनके पति मधुर मिश्रा, पंचायत सचिव और अन्य सहयोगियों पर उनकी निजी भूमि पर न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कराने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता नरेंद्र मिश्रा का कहना है कि विवादास्पद भूमि उनके नाम पर दर्ज है। उन्होंने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत पंचायत भवन निर्माण के लिए भूमि चयन एवं स्वीकृति से संबंधित जानकारी मांगी थी। आरोप है कि इसके बाद उन पर आवेदन वापस लेने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर कथित रूप से धमकी दी गई, साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही गई।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि सरपंच पक्ष ने सोशल मीडिया पर रास्ता बंद होने का वीडियो स्वयं तैयार कर वायरल किया, ताकि पंचायत भवन निर्माण से जुड़े विवाद और आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारी से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।

नरेंद्र मिश्रा ने जनपद पंचायत सीईओ, पुलिस एवं जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।