मुंगावली के शीतला माता मंदिर में चोरी का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार

मुंगावली। नगर के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में शनिवार की आधी रात को चोरी का प्रयास विफल हो गया। चोरी की नीयत से मंदिर में घुसे दो बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की सतर्कता के कारण पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी नकदी लेकर फरार हो गया।

शनिवार देर रात मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ने की आहट सुनाई दी, जिससे मंदिर के पुजारी शांतनु पांडे, मनोहर सुमन और योगेंद्र सिंह बैस सतर्क हो गए। उन्होंने अंदर झांककर देखा तो दो युवक हनुमान जी की प्रतिमा के सामने रखी दानपेटी से पैसे निकाल रहे थे।

स्थिति को भांपते हुए, पुजारी और उनके साथियों ने तुरंत मंदिर के माली मनोहर सुमन और निकटवर्ती निवासी टीकाराम परिहार को बुलाया। लोगों के आने की आहट से चोर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा। इसी बीच, दूसरा आरोपी नकदी लेकर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम नरेंद्र (24 वर्ष) पुत्र रूप सिंह कुशवाह, निवासी चक्क रामपुर, थाना नरवर, जिला शिवपुरी बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका साथी दानपेटी की नकदी लेकर भाग गया है।

मुंगावली पुलिस ने आरोपी नरेंद्र कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और यह जांच कर रही है कि क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों में भी इस गिरोह का हाथ है या नहीं।

मंदिर के पुजारी और जागरूक नागरिकों की इस दिलेरी की शहर में प्रशंसा हो रही है।